घोरावल। कंटेनमेंट एरिया घोषित घोरावल नगर में बुधवार को कुछ बैंकों के शटर बंद रहे, जबकि कुछ बैंकों के शटर गिरे रहे, जिससे लोगों को असुविधा हुई। वहीं खाद बीज व मेडिकल स्टोर की दुकानें खुली रही।
बताते चलें कि कोविड 19 के संक्रमण के चलते घोरावल नगर को 24 जुलाई तक के लिए कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। इससे घोरावल नगर में सभी दुकानें बंद रही। आवश्यक सेवाओं किराना, सब्जी, फल, दूध इत्यादि की डोर टू डोर सप्लाई की जा रही है। मंगलवार देर शाम नगर पंचायत में बैठक के बाद निर्णय लिया गया कि बैंक, खाद बीज व मेडिकल स्टोर खुलेंगे। इसी क्रम में नगर में अधिकांश मेडिकल स्टोर तथा खाद बीज की दुकानें खुली रही। नगर में स्थित यूको बैंक की शाखा बुधवार को खुली रही और यहां ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। यूको बैंक के प्रबंधक अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक नियमित रूप से 10 बजे से खुलेगा। बैंक में 10 बजे से 2 बजे तक सामान्य लेन देन किया जाएगा।उन्होंने ग्राहकों से अपील किया है कि बैंक में आने वाले ग्राहक मास्क लगाकर आएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।वहीं बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक खुला रहा और सामान्य दिनों की तरह लेन देन किया गया। इलाहाबाद बैंक शाखा खरूआव घोरावल का शटर पूरा गिरा रहा। पब्लिक डीलिंग नहीं हुई। इस बाबत शाखा प्रबंधक अभिषेक श्रीवास्ततव ने बताया कि कोविड-19 को देखते हुए नगर को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर बैंक बंद किया गया है। सरकारी कामकाज हो रहे हैं। ऊपर से बैंक खोलने का अभी कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है जिससे कि आम ग्राहकों का काम हो सके।