राबर्ट्सगंज के हिंदुआरी गांव के पास राजमार्ग पर सोमवार की रात लोग जाम के झाम में घंटों फंसे रहे। गिट्टी लदे दो ओवरलोड ट्रकों के सड़क के बीचों बीच खराब होने से इस तरह की समस्या आई।
रात दो बजे से लेकर सुबह सात बजे तक वाहन रेंगते रहे। इनमें से छोटे वाहन बेलखुरी, शाहगंज, राजगढ़ नौगढ़ होते हुए गंतव्य की ओर रवाना हुए जबकि बस और ट्रक चालक धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे।
इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं पुलिस को जाम छुड़ाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार की रात करीब दो बजे हिंदुआरी के पास गिट्टी लदा दो ट्रक सड़क के बीचों खराब हो गए।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान रास्ता वनवे होने के नाते लंबा जाम लग गया। दोनों तरफ से करीब पांच किमी लंबी वाहनों की कतारें लग गईं।
समस्या तब और खड़ी हो गई जब कुछ वाहन चालक बेतरतीब ढंग से इधर उधर वाहनों को घुसा दिए। घंटों बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
वाहनों के तिरछा खड़ा होने के वजह से आवागमन बहाल कराने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान छोटे वाहन शाहगंज, राजगढ़, चुनार, बेलखुरी, नौगढ़ होते हुए वाराणसी, मिर्जापुर, इलाहाबाद के लिए रवाना हुए।
इसी रास्ते से लोग उधर से राबर्ट्सगंज भी पहुंचे। सबसे अधिक जाम में फंसे बस के यात्रियों को हुई। सुबह करीब नौ बजे पूर्ण रूप से आवागमन बहाल हुआ।
बता दें कि वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के चौड़ा करने का कार्य राहगीरों के लिए मुसीबत बनने लगा है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में बालू-गिट्टी लदे ट्रक फंस जा रहे हैं।
राजमार्ग पर ट्रकों के खराब होने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है।