युवक मंगल दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राबर्ट्सगंज ब्लाक के ओरगांई द्वितीय ग्राम पंचायत में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। गांव में बैठक कर नशा मुक्ति अभियान को प्रगति देने पर चर्चा की गई और लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
संगठन के जिलाध्यक्ष सौरभ कांत पति तिवारी और जिला उपाध्यक्ष रजनीश कुमार पांडेय ने कहा कि नशा एक ऐसी लत है, जिसकी गिरफ्त में कोई एक बार आ जाए तो उसका आदी बन जाता है। फिर उसके लाख ना चाहने पर भी नशे की सामान की जरूरत पड़ने लगती है।
इसलिए हम लोगों का यह प्रयास रहता है की इसको प्राथमिक स्तर पर ही रोक दिया जाए। कहा कि संकल्प दिलवाकर लोगों को नशे से दूर रखने का प्रयास सबसे सफल प्रयास है। इंसान अगर एक बार नशा न करने की सौगंध खा ले तो फिर नशे के बारे में सोचने से पहले एक बार विचार जरूर करता है।
खेल व स्काउट गाइड शिक्षक सुजीत सिंह का कहना है की नशा करने से सेहत तो खराब होती ही है साथ में पैसों की बर्बादी भी होती है। यदि उसी पैसों की बचत की जाए तो उन पैसों से वो अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा-दीक्षा भी करवा सकते हैं।
युवक मंगल दल अपने रचनात्मक और जनहित के कार्यों से लगातार जनपदवासियों को अपनी तरफ आकर्षित कर रहा है। भाग दौड़ की मारामारी से दूर युवाओं का एक समूह जो समाज के प्रति इतना जिम्मेदार है, वह नौजवानों के लिए मिसाल बन रहे हैं।
बैठक के बाद गांव में भ्रमण कर लोगों को जागरूकता संबंधी पम्फलेट बांटकर जागरूक किया गया। अध्यक्षता प्रदीप कुमार ने की। इस मौके पर आईटी सेल के जिला संयोजक सत्यदेव, मनोज कुमार, विशाल कुमार, संतोष पटेल, अजय कुमार, अनुराग सिंह, अनिल, दीपक, धीरज मौर्या, बासुदेव, संजय, बलवंत सिंह चौहान, चंद्रशेखर, राकेश मौर्या, राम अवध, भुनेश्वर, सनोज कुमार, आशीष पाठक, विकास, नंदलाल, भगवान, बिट्टू तिवारी अदि मौजूद रहे।