म्योरपुर। ब्लॉक के ग्राम पंचायत चेरी में बृहस्पतिवार को बनवासी सेवा आश्रम के माध्यम से चल रहे संविधान यात्रा के सातवें दिन गांव भ्रमण और संपर्क के बाद बैठक का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों ने बिजली बिल में गड़बड़ी और नशाखोरी का किशोरों और युवाओं पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी दी। कहा कि स्कूलों में पढ़ाई न होने पर आवाज उठाइए।
संविधान यात्रा का नेतृत्व कर रहे प्रदीप पांडेय ने कहा कि सरकारी व्यवस्थाओं के प्रति उदासीनता को तोड़ना होगा। यह हमारा संवैधानिक अधिकार है। इसे जितना मजबूत करेंगे, उतना ही आमजन का भला होगा। कहा कि अगर स्कूल में पढ़ाई नहीं होती है तो आपकी शिक्षा समिति और आप सवाल उठाइए। निजीकरण समस्या का समाधान नहीं हो सकता। हमें सरकार के साथ मिलकर व्यवस्था को मजबूत करना होगा। बिजली बिल गलत आने की ग्रामीणों की शिकायत पर सुझाव दिया कि आप लोग अधिकारियों को सामूहिक पत्र लिख कर गांव में कैंप लगवाएं। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम है। इस समय मौसमी बीमारियों का खतरा बना रहता है। ऐसे में उबाल के पानी पीएं और ठंडा भोजन करने से परहेज करें। शौचालय के प्रयोग से बहुत सी बीमारियां पास नहीं फटकती हैं। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि संविधान यात्रा का मकसद अपने मौलिक हक और नागरिक कर्तव्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है।मनोज यादव, रमेश कुमार, चंद्रावती, कैलाश, राम प्रकाश, रवि चंद, बचनू राम, कुसुम कुमारी, कौशल्या आदि उपस्थित रहे।