दुद्धी। सीएचसी दुद्धी में रविवार को बालिका का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद देर शाम घर से एक किलोमीटर दूर नाले के पास पुलिस की मौजूदगी में बालिका की अंत्येष्टि की गई। पोस्टमार्टम घर के बाहर बेटी के शव के पास बिलख रहे पिता का कहना था कि ‘हुजूर हैवनवा के फांसी पर लटका दें, उ हमरे बिटिया के मार देहलस।’ पिता के इस शब्द को सुनकर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की आंखें भी नम हो जा रही थीं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राम आशीष यादव और कोतवाल पंकज सिंह आदि ने मृतका के पिता को आश्वासन देते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। चिकित्सकों के पैनल ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शाम को शव पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस कर्मियों ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। देर शाम घर से एक किलोमीटर दूर नाले के पास पुलिस की मौजूदगी में बालिका की अंत्येष्टि की गई।