सोनभद्र। छत्रपति शिवाजी के बलिदानी सैनिकों की स्मृति में बृहस्पतिवार को आयोजित ऐतिहासिक खिंड दौड़ में हजारों लोगों ने प्रतिभाग किया। जय भवानी-जय शिवाजी के नारों के साथ दौड़ लगाते हुए बलिदानियों को याद किया। पूरे जिले में 11 स्थानों पर हुई दौड़ में दस हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा है। करीब पांच हजार प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
क्रीड़ा भारती और शहीद उद्यान ट्रस्ट के संयुक्त संयोजन में आयोजित दौड़ के लिए राबर्ट्सगंज में श्री एकेडमी, अनपरा में भगवान अवधूतराम महाविद्यालय व सेंट फ्रांसिस स्कूल, दुद्धी में सोनांचल इंटर कालेज, रेणुकूट में ग्रीनलैंड स्कूल व जगतनारायण शुक्ल इंटर काॅलेज , डाला में आदित्य बिड़ला इंटर काॅलेज, चोपन में एसएनजी काॅलेज और सलखन में लोकनाथ इंटर कालेज को केंद्र बनाया गया था। श्री एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय शंकर चतुर्वेदी, भोला प्रसाद मिश्रा, पंकज श्रीवास्तव, डॉ. अनिल पांडे, अजय कुमार पांडे, विद्यालय की प्रधानाचार्य संध्या गोयल, गणेश गोस्वामी ने संयुक्त रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय के सभी कर्मचारियों ने भी दौड़ में हिस्सा लिया।
प्रबंध निदेशक डॉ. अनिल पांडे व प्रबंधक अजय कुमार पांडे ने कहा कि यह केवल दौड़ नहीं, बल्कि यह भारत के इतिहास का प्रतीक है। इसे जन-जन तक पहुंचाना है। शिक्षक अवनीश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर संजू शर्मा, श्याम नारायण पाठक, राघव मणि मिश्रा, अर्जुन सिंह आदि उपस्थित रहे। लोकनाथ इंटरमीडिएट काॅलेज बघनारी में मुख्य वक्ता विजय शंकर चतुर्वेदी ने पावन खिंड दौड़ के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। जाणता राजा महानाट्य के संयोजक रमेश मिश्रा ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया। पूर्व विधायक तीरथराज ने कहा कि भारत अब मैराथन दौड़ को तिलांजलि देगा और देश के स्वाभिमान से जुड़ी पावन खिंड दौड़ को अपनाएगा। इस दौड़ में पूर्व सांसद छोटेलाल खरवार, संजीव त्रिपाठी, सुनील सिंह, रामनिवास तोमर, तेजवंत पांडेय, अनिल पाठक, सत्यदेव पांडेय आदि रहे। दुद्धी में इस दौड़ को लेकर इतना उत्साह रहा कि विद्यार्थियों के साथ नागरिक भी दौड़ते रहे। नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन के हरी झंडी दिखाने के बाद सड़कों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। दौड़ प्रारंभ के पूर्व प्रत्येक केंद्रों पर पावन खिंड दौड़ के ध्येय गीत बजाए गए। रेणुकूट: खाड़पाथर में स्थित पंडित जगत नारायण शुक्ला इंटरमीडिएट कॉलेज व ग्रीनलैंड स्कूल में पावन खिंड दौड़ का आयोजन अभय भार्गव के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान सत्यप्रकाश पांडेय, राजीव सिन्हा, आदर्श शुक्ला ,शैलेश कुमार तिवारी, रीना सिंह, अखिलेश यादव आदि रहे।
पावन खिंड दौड़ में गौतम और रोशनी अव्वल
अनपरा। नगर के औड़ीमोड़ स्थित अवधूत भगवान राम महाविद्यालय में पावन खिंड दौड़ को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय विक्रम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बालक वर्ग में गौतम बैसवार प्रथम, कृष्ण चंद कनौजिया दूसरे और विक्की झा तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में रोशनी कुमारी प्रथम, तमन्ना दूसरे और स्नेहा तीसरे स्थान पर रहीं। इस मौके पर डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. विजय प्रताप सिंह, डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. जयशंकर आदि रहे।