चुर्क। जहां एक तरफ जनपद में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा हैं, वहीं लापरवाही भी बढ़ती जा रही है। चुर्क क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद कंटेंटमेट जोन बनाया गया है, ताकि उस क्षेत्र में आवाजाही न हो और लोग सुरक्षित रहें। लेकिन प्रशासन की लापरवाही व सुस्ती की वजह से कंटेनमेंट जोन की खुले आम धज्जियां उड़ाई जा रही है। इस इलाके से न सिर्फ लोगों का बल्कि वाहनों की भी आवाजाही हो रही है।
कंटेंनमेंट जोन 25 जुलाई तक के लिए बनाया गया है । लेकिन सुरक्षा के इंतजाम कहीं दिखाई नही दे रहा। नगर में लोग न आ सके इसके लिए चार मुख्य सड़कों पर बॉस बल्ली लगाया गया है। एक जगह बैरिकेडिंग नगर पंचायत की ओर से लगाया गया है। लेकिन बैरियर पर कोई कर्मचारी नहीं है। इससे लोग खुलेआम कंटेनमेंट जोन में आ जा रहे है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि दो दिन पहले ही इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दे दी गई है। लेकिन अब तक किसी की ड्यूटी बैरियर पर नही लगाई गई है।