बजरंग बली के जन्मोत्सव पर शनिवार को रॉबर्ट्सगंज के मेन चौक स्थित संकट हरण श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से ध्वज यात्रा निकाली गई। हाथों में केशरिया ध्वज और गले में केशरिया गमछा धारण कर श्रद्धालुओं ने वीर बजरंगी के जयकारे लगाए। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु थिरकते रहे। इस दौरान मंदिर में सुंदर कांड का पाठ और विशेष आरती भी हुई।
ध्वज यात्रा की शुरुआत संकट हरण श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से हुई और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में समाप्त हुई। भगवान श्रीराम दरबार की झांकी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रही, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरे नगर में भक्ति रस की धारा बहती रही और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
यात्रा के बाद श्री हनुमत जन्मोत्सव की आरती हुई। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में यात्रा के संरक्षक रामजी मोदनवाल, कृष्णमुरारी गुप्ता, अजय शुक्ला, सचिन कुमार गुप्ता, मोनू हर्ष केशरी, रिशु केशरी, उमेश केशरी, कौशल शर्मा, राजू गुप्ता, संगम गुप्ता, नरेंद्र गर्ग, ठाकुर अग्रहरी, राजेश केशरी, लल्लन अग्रहरी, गोविन्द केशरी, संगीता गुप्ता, सरोज केशरी, रूबी गुप्ता आदि शामिल रहे।