ऊर्जांचल में मंगलवार की शाम सूर्यदेव और छठ माता के उपासना के लिए पूजा घाटों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग गाजे-बाजे के साथ छठ घाट पर पहुंचे।
कमर भर पानी में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर 12 घंटे की लगातार आराधना की शुरुआत की। घाटों की आकर्षक सजावट देखते ही बनी। पूजा घाटों से लेकर हर गली-गूचे में छठ गीत गूंजते रहे। सभी जगह सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। बुधवार की सुबह उदय होते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा।
अनपरा कालोनी परिसर के शिव मंदिर परिसर स्थित सरोवर, अनपरा और परासी गांव स्थित तालाब, औड़ी के कहुआनाला स्थित अर्जुन छठ घाट, डिबुलगंज में दुर्गा मंदिर के सामने स्थित छठ घाट, ककरी परियोजना आवासीय परिसर स्थित सरोवर, रेणुसागर स्थित शिव मंदिर सरोवर पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा रहा।
शाम पांच बजे के करीब सुहागिनों ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर पति की लंबी आयु, परिवार के लिए आरोग्यता और सुख-समृद्धि का वरदान मांगा। कई ने संतानोत्पत्ति की भी कामना की।
बीना : कालोनी स्थित रामजानकी सरोवर, कोहरौल, चंदुआर आदि गांवों में स्थित तालाबों पर छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा रहा।
शक्तिनगर : एनटीपीसी सिंगरौली कालोनी परिसर स्थित चिल्काझील, रिहंद जलाशय आदि स्थानों पर पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धा का सैलाब उमड़ा रहा।
बीजपुर में भी छठ पूजन को लेकर काफी उत्साह बना रहा। सिंगरौली : एनसीएल मुख्यालय, जयंत, निगाही, बैढन, अमलोरी, मोरवा, चटकानाला सभी जगह पूजा घाटों पर छठ की पूजा की गई।