सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन जनपद शाखा के आह्वान पर जिले के पेंशनर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। इस दौरान मांगों के समर्थन में जमकर नारे लगाए। मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएम के प्रतिनिधि के रूप में एसडीएम को सौंपा गया। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं शिक्षक समन्वय समिति के बैनर तले जिलाध्यक्ष सूरज बली सिंह की अध्यक्षता में धरना पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चला। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित आठवें वेतन आयोग के नियम-शर्तों में सेवानिवृत्त कार्मिकों की उपेक्षा की जा रही है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। जनपद अध्यक्ष सूरज बली सिंह ने कहा कि अगर मांगों पर विचार नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना समाप्ति पर पेंशनर्स की सभा में नागेश्वर तिवारी, विक्रमा प्रसाद, शिवगणेश, लक्ष्मण प्रजापति, अवधेश सिंह, साजिद अली, योगेंद्र ठाकुर, दयाराम चतुर्वेदी आदि ने विचार रखे।