समाजवादी पेंशन योजना में अनियमितता पर सोमवार को घोरावल ब्लाक अंतर्गत मुड़िल्लाडीह के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी पर मिलीभगत कर मनमानी करने का आरोप लगाया और मांगों का ज्ञापन डीएम कार्यालय में सौंपा।
ग्रामीण जागेश्वर और जवाहिर का कहना है कि समाजवादी पेंशन में पात्र लोगों का चयन नहीं किया गया है। ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी मनमाने ढंग से चयन कर रहे हैं। रविशंकर और राजेश का कहना है कि सरकार की मंशा के अनुरूप गरीबों को लाभ नहीं मिल रहा है। रमवंती और मीरा का कहना है कि ग्राम सभा की खुली बैठक करके पात्र लोगों का समाजवादी पेंशन के लिए चयन किया जाना चाहिए।
लेकिन बगैर खुली बैठक बुलाए ही मनमाने ढंग से अपात्रों का चयन कर लिया गया है। लक्ष्मिना और गीता का कहना है कि अपात्रों का चयन मनमाने ढंग से करने के साथ ही जिन लोगों को पहले से पेंशन मिल रहा था उसे भी बंद कर दिया गया। कलावती और मालती ने भी समाजवादी पेंशन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।