रामगढ़-सिल्थम संपर्क मार्ग, जिसका चौड़ीकरण होना है। संवाद
- फोटो : Samvad
सोनभद्र। जिले के चतरा ब्लॉक अंतर्गत सिल्थम-रामगढ़-कुराकला संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग की प्रमुख जिला मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण योजना के तहत करीब 16.500 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर 27 करोड़ 70 लाख 15 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन ने पहली किस्त के रूप में 2.77 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए हैं। कलवारी-घोरावल-रॉबर्ट्सगंज-खलियारी स्टेट हाईवे पर स्थित रामगढ़ कस्बे से सिल्थम जाने वाले इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। लंबे समय से सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की जा रही थी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में सड़क की चौड़ाई कहीं तीन तो कहीं साढ़े तीन मीटर है। ऐसे में वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। इसे देखते हुए विभाग ने सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। योजना के तहत सड़क को 5.50 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इससे दो बड़े वाहनों को भी आसानी से एक-दूसरे से पास लेने में सहूलियत होगी। सड़क का चौड़ीकरण होने से पन्नूगंज और रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्रों के 50 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा। शासन से पहली किस्त जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले के चार संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। इन पर करीब 7.10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। स्वीकृत कार्यों में सिकरिया कलां में बेलगाई-लेबरही होते हुए बभनियांव संपर्क मार्ग का निर्माण शामिल है। इस पर 1.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चतरा में संडी माइनर से अमिलिया गांव की शुक्ला बस्ती तक संपर्क मार्ग के निर्माण पर 1.13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। किशुनपुरवा संपर्क मार्ग के किलोमीटर एक से चिवटहिया होते हुए कटइया डामर संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 2.95 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं, दोमुहवा पुल रामगढ़ रहवाहा से रईया गोसाई बस्ती के आगे तक संपर्क मार्ग का निर्माण 1.42 करोड़ रुपये से कराया जाएगा।