बभनी के बांध में दिखा मगरमच्छ। -जागरूक पाठक
- फोटो : Samvad
बभनी। सेमरिया बंधा के पास स्थित दो जलाशयों में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत है। उसकी मौजूदगी के चलते किसान और पशुपालक आसपास स्थित जलाशयों के समीप जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि मगरमच्छ अब तक एक सुअर और बकरी को शिकार बना चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान भटककर मगरमच्छ गांव के समीप स्थित बंधे तक पहुंच गया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई है। ग्रामीण राजनारायण ने बताया कि दो जलाशयों में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोग भयभीत हैं। किसानों को खेतों तक जाने और पशुओं को लेकर जलाशयों के आसपास पहुंचने में खतरा महसूस हो रहा है। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी बभनी प्रेम प्रकाश चौबे ने बताया कि गांव में वन विभाग की टीम भेजी जा रही है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।