सोनभद्र। परिवहन विभाग की बसों में सफर करने वाले यात्रियों की जेब ढीली होने लगी है। एक अप्रैल से टोल टैक्स में की गई वृद्धि की वजह से बस किराया में बढ़ोतरी कर दी गई है। शक्तिनगर से वाराणसी तक यात्रा करने वाले यात्रियों को चार रुपये अधिक किराया देना होगा। टोल के हिसाब से किराये में वृद्धि की गई है। सोनभद्र डिपो इंचार्ज आरके सिंह ने बताया कि जिले के लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा पर एक रुपये, मिर्जापुर जिले के अदलहाट टोल प्लाजा पर दो रुपये और वाराणसी के डॉफी टोल प्लाजा पर एक रुपये टोल टैक्स बढ़ाया गया है। टोल टैक्स बढ़ने से यात्रियों से निर्धारित किराया में टोल टैक्स जोड़कर लिया जा रहा है। बताया कि राबर्ट्सगंज से वाराणसी तक का रोडवेज बस का किराया पहले 132 रुपये था, टोल टैक्स बढ़ने से तीन रुपये बढ़ाकर 135 रुपये किराया लिया जा रहा है। जो यात्री वाराणसी से शक्तिनगर तक का सफर रोडवेज बस में कर रहे हैं तो निर्धारित किराये में चार रुपये टोल टैक्स जोड़कर किराया लिया जा रहा है। बताया कि यदि कोई यात्री राबर्ट्सगंज से नरायनपुर या टेंगरा मोड़ तक का सफर करता है तो उससे निर्धारित किराया में दो रुपये टोल टैक्स जोड़कर लिया जाएगा। जिले के हाथीनाला स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। सोनभद्र डिपो, विंध्यनगर, जीरो रोड, मिर्जापुर, काशी, चंदौली सहित अन्य डिपो की रोडवेज बसों में सफर करने वाले सभी यात्रियों को टोल टैक्स किराया के साथ देना होगा।