हंसवाहिनी इंटरमीडिएट कालेज कसयां प्रांगण में शुक्रवार को जिला स्तरीय माध्यमिक बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बालक वर्ग की 14 और बालिका वर्ग की 10 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में सीनियर बालक वर्ग में पांपी और सीनियर बालिका वर्ग में कसयां की टीम अव्वल रही। इसके अलावा जूनियर बालक वर्ग में राबर्ट्सगंज और जूनियर बालिका वर्ग में कसयां की टीम विजयी रही।
उद्घाटन मुख्य अतिथि जेएसपी महाविद्यालय कसयां कला के प्रबंधक डॉ. प्रसन्न सिंह पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन से प्रतिभा की पहचान होती है। जिले भर से आई 24 टीमों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता हुई। इसमें ओबरा, रेनुसागर, अनपरा, डिबुलगंज, राबर्ट्सगंज, शाहगंज, करमा, अमोखर, पांपी, फुलवारी की टीमों ने प्रतिभाग किया। सीनियर बालक वर्ग में पांपी की टीम ने अमोखर को हराया, सीनियर बालिका वर्ग में कसयां ने अमोखर, जूनियर बालक वर्ग में राबर्ट्सगंज ने पांपी और जूनियर बालिका वर्ग में कसयां ने पांपी को हराया। विजयी प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रबंधक राजेश मिश्रा ने प्रमाण पत्र और पुरस्कार स्वरूप शिल्ड देकर सम्मानित किया। आयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्रा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर गौतम बुद्ध इंटर कालेज पांपी के प्रबंधक कृपाशंकर मौर्या, मोती सिंह इंटर कालेज करमा के प्रधानाचार्य सतीश सिंह भी मौजूद रहे।