जयंत स्थित साकेतधाम यज्ञशाला में मंगलवार से पंचकुंडीय श्रीराम महायज्ञ की शुरुआत हो गई। इसके लिए सुबह 101 महिला श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली।
गोपाल दास महाराज और विशेश्वर दास की अगुवाई में निकली कलश यात्रा में आसपास के काफी संख्या में लोग शामिल हुए।
बताया गया कि छह जनवरी से 13 जनवरी तक वाराणसी के पं. आलोक तिवारी और उनके सहयोगियों द्वारा श्रीराम कथा का संगीतमय वाचन किया जाएगा।
वहीं इस दौरान मानस पाठ के साथ वेद पाठ, श्रीराम सहस्त्रनाम स्तोत्र, सीताराम सहस्त्रनाम स्तोत्र, शिव सहस्त्रनाम स्तोत्र, लक्ष्मी सहस्त्रनाम स्तोत्र और हनुमत्सहस्त्र नाम स्तोत्र के पाठ के साथ ही अन्य आयोजन किए जाएंगे।
दोपहर बाद तीन बजे से शाम सात बजे तक प्रवचन का आयोजन होगा। 14 जनवरी को भंडारा और विसर्जन यात्रा के जरिए यज्ञ का समापन किया जाएगा।