सोनभद्र। जिले में रविवार को मतगणना होगी। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज लोढ़ी समेत दस जगह पर वोटों की गिनती होगी। मतगणना में लगे अधिकारी और कर्मचारी सुबह छह बजे रिपोर्ट मतगणना स्थल पर करेंगे। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। 438 टेबल पर वोटों की गिनती होगी।
शनिवार को पूरा प्रशासनिक अमला मतगणना कराने की तैयारियां पूरी कराने मे जुटा रहा। सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह समेत अन्य अधिकारी मतगणना स्थलों का भ्रमण कर जायजा लेते रहे। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मतगणना के लिए 438 मतगणना पार्टियां गठित की गई हैं तथा 47 पार्टियां आरक्षित रखी गई हैं। जनपद में 2171 मतदान स्थल हैं। लगभग पांच मतदान स्थलों की गणना एक टेबुल पर संपन्न करायी जाएगी। इस प्रकार कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत रखते हुए 9-10 घंटे में मतगणना संपन्न कराने की व्यवस्था की गई है।