सोनभद्र। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत आरक्षण घोषित होने के बाद विभिन्न सीटों पर आपत्तियां दाखिल की जा रही हैं। रविवार को पहले दिन आठ आपत्तियां दाखिल हुईं। इसमें तीन-तीन आपत्ति ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए दाखिल हुई, जबकि दो आपत्ति जिला पंचायत वार्ड के लिए दाखिल की गई है। आपत्ति दाखिल करने की तिथि 23 मार्च तक निर्धारित है।
जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि रविवार को पहले दिन आठ आपत्तियां दाखिल की गईं। इसमें से दो जिला पंचायत सदस्य वार्ड, तीन क्षेत्र पंचायत वार्ड और तीन प्रधान पद के लिए आपत्तियां दाखिल हुई हैं। जिला पंचायत वार्ड कुलडोमरी को लेकर आपत्ति दाखिल हुई है। बता दें कि मार्च के प्रथम सप्ताह में ही एक बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर आरक्षण का अनंतिम प्रकाशन हुआ था। इसके बाद आपत्तियां भी पड़नी शुरू हुई और उनका निस्तारण भी हो चुका था लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के बाद पूरे प्रदेश में आरक्षण के अंतिम प्रकाशन पर रोक लगा दी गई थी। अब कोर्ट के आदेश पर फिर से पंचायत चुनाव को लेकर आरक्षण की अनंतिम सूची जारी हो गई है। रविवार को पहले दिन आठ आपत्तियां भी दाखिल की गई हैं।