सोनभद्र। जिले के 629 ग्राम पंचायत में रविवार को राष्ट्रीय पंचायत दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर वर्ष 2022 में पंचायत पुरस्कारों की विजेता पांच ग्राम पंचायतों को प्रमाणपत्र वितरण होगा और पुरस्कार राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया जाएगा। इस दौरान ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कर सतत विकास कार्यों पर भी चर्चा की जाएगी और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। पंचायतराज विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शासन के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस मनाने के लिए पंचायतराज विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विकास लक्ष्यों पर चर्चा की जाएगी। गांव को साफ एवं हरा भरा, गरीबी मुक्त एवं बेहतर आजीविका, पर्याप्त जल सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा होगी। ग्राम सभा में पंचायत स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम निर्धारित थीमों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी। कई ग्राम पंचायतों में इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का प्रसारण दिखाने की व्यवस्था भी की जाएगी। डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय पंचायत दिवस मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई है।