सोनभद्र। राबर्ट्र्सगंज के हाइडिल मैदान स्थित हाट शाखा और नवीन मंडी समिति में खुले धान क्रय केंद्र पर दो कांटा लगने से धान तौल में तेजी आई है। क्रय केंद्रों पर पहले एक कांटा पर तौल होने से करीब 300 क्विंटल धान खरीद हो रहा था। अब दो कांटा लगने से प्रति क्रय केंद्रों पर करीब 600 क्विंटल धान खरीद होने लगा है। इससे एक दिन में पहले से अधिक किसानों का धान तौल हो रहा है। इससे किसानों को राहत मिली है। लेकिन क्रय केंद्रों पर 50 क्विंटल से अधिक धान खरीद नहीं होने से किसानों में आक्रोश बना हुआ है।
राबर्ट्र्सगंज के अमौली गांव निवासी कन्हैया सिंह का कहना है कि वे पहले 42 क्विंटल धान हाट शाखा पर बेचे थे। दूसरी बार धान तौल कराने के लिए नंबर लगाए हैं। एक बार में 50 क्विंटल से अधिक धान खरीद नहीं हो रहा है। इसी गांव के सुरेश ने कहा कि जिला प्रशासन को प्रति खतौनी 100 क्विंटल धान खरीद करना चाहिए। प्रति खतौनी धान खरीद का लक्ष्य नहीं बढ़ाये जाने से बड़े किसानों के साथ-साथ छोटे किसान भी परेशान हैं। औने-पौने दाम में धान बेचने को किसान विवश हैं। लसड़ा गांव के जामवंत सिंह का कहना है कि दो दिन से हाट शाखा पर दो कांटा से तौल हो रहा है। धान तौल में आई तेजी की वजह से किसानों को कुछ राहत मिली है। वहीं कमोजी गांव के किसान सुधीर दुबे का कहना है वे हाटा शाखा पर धान लेकर शनिवार को आए हैं, लेकिन अभी तक धान तौल नहीं हो सका है। इन्होंने भी प्रति खतौनी धान खरीद लक्ष्य बढ़ाने की वकालत की।
---
हाट शाखा राबट्र्सगंज पर धान तौल करने के लिए दो कांटा लगाया गया है। हर दिन करीब 600 क्विंटल धान खरीद हो रहा है। अब तक 18511 क्विंटल से अधिक धान खरीद हो चुका है। - कन्हैयालाल, सहायक विपणन अधिकारी, राबट्र्सगंज।