कोन। छठ महापर्व से पहले ग्राम पंचायत मिश्री के बहुअरा गांव में पांडू नदी किनारे स्थित छठ घाट की जमीन को खाली करा दिया गया। ग्रामीणों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम की हिदायत के बाद संबंधित किसान ने भूमि पर लगी धान की फसल काट ली। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले चार-पांच वर्षों से छठ घाट के रूप में इस्तेमाल होने वाली इस जमीन पर गांव का एक किसान धान की खेती कर रहा है। छठ पूजा नजदीक आते ही इसको लेकर विवाद शुरू हो जाता है। हर साल शिकायत के बाद पुलिस और राजस्व विभाग के हस्तक्षेप से जमीन खाली कराई जाती है। इस वर्ष भी प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी व कोन पुलिस से शिकायत कर भूमि खाली कराने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल होने वाले विवाद से बचने के लिए प्रशासन को जमीन का स्थायी सीमांकन कराकर इसे छठ घाट के रूप में चिह्नित करना चाहिए, ताकि भविष्य में यहां खेती न हो और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान परेशानी न उठानी पड़े। कोन थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि छठ घाट की जमीन खाली करा दी गई है। फिलहाल मौके पर कोई विवाद नहीं है।