फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: चित्रसेन गंधर्व की कथा के मंचन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

विज्ञापन
विंढमगंज क्षेत्र के महुली में श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद की ओर से नाट्य मंचन करते कलाकार। स
विज्ञापन
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के महुली गांव में श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद की ओर से बीती रात धार्मिक नाटक श्रीकृष्ण-अर्जुन संग्राम उर्फ चित्रसेन गंधर्व का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने द्वापर युग की पौराणिक कथा को मंच पर जीवंत कर दिया। नाटक के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के बीच धर्मसंकट, मित्रता, वचनबद्धता, शरणागत की रक्षा और नारी की निष्ठा का प्रभावशाली चित्रण देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। नाटक में दिखाया गया कि महर्षि गालव जब नदी तट पर सूर्यदेव को अर्घ्य दे रहे थे, तभी आकाश मार्ग से गुजर रहे चित्रसेन गंधर्व की असावधानी से अपवित्र वस्तु उनकी अंजलि में गिर गई। इससे क्रोधित महर्षि ने भगवान श्रीकृष्ण से चित्रसेन का वध कर अपमान का प्रतिशोध लेने का आग्रह किया। श्रीकृष्ण ने 24 घंटे के भीतर चित्रसेन का वध करने की प्रतिज्ञा कर ली। इसकी जानकारी होने पर देवर्षि नारद ने चित्रसेन को उसके जीवन पर मंडरा रहे संकट से अवगत कराया। मृत्यु के भय से व्याकुल चित्रसेन ने शरण की तलाश शुरू की। नारद की लीला से वह अर्जुन की पत्नी सुभद्रा की शरण में पहुंच गया। सुभद्रा ने पहले ही उसे अभयदान दे दिया। इसके बाद पूरी बात जानकर अर्जुन ने भी शरणागत की रक्षा को अपना क्षत्रिय धर्म बताते हुए चित्रसेन की रक्षा का संकल्प लिया। जब भगवान श्रीकृष्ण को अर्जुन के वचन की जानकारी हुई तो वह धर्मसंकट में पड़ गए। उधर, चित्रसेन को दंड न मिलने से महर्षि गालव क्रोधित हो उठे और अपने तपोबल से सभी को भस्म करने की बात कही। ऐसी विकट परिस्थिति में सुभद्रा ने अपनी भक्ति और निष्ठा की शक्ति का परिचय दिया। उन्होंने संकल्प लिया कि यदि उनकी श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति और अर्जुन के प्रति निष्ठा सच्ची है तो महर्षि के हाथ का जल धरती पर नहीं गिरेगा। उनके संकल्प से महर्षि की शक्ति निष्फल हो गई और उनका क्रोध शांत हो गया। अंत में नाटक का समापन धर्म, सत्य, मित्रता, वचनपालन और शरणागत की रक्षा के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष सेकरार अहमद, दीपक कुमार कन्नौजिया, विनोद कन्नौजिया, डॉ. अब्दुल कलाम, अवधेश कुमार शर्मा, डायरेक्टर राजेश शर्मा, उप डायरेक्टर जसवंत शर्मा और लालमणि शर्मा सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। नाटक देखने के लिए क्षेत्रीय दर्शक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें