सोनभद्र। प्रधानमंत्री की ओर से स्वामित्व योजना के शुभांरभ का सीधा प्रसारण रविवार को कलेक्ट्रेट में किया गया। इस दौरान 325 लोगों को घरौनी-प्रापर्टी कार्ड दिया गया।
डीएम ने बताया कि प्रदेश के 54 हजार 22 ग्रामों को प्रथम चरण में ड्रोन सर्वेक्षण करने की अधिसूचना जारी की गई है। इसमें से जिले में 1421 ग्राम अधिसूचित हैं। इसमें राबर्ट्सगंज के 682, दुद्धी के 297, घोरावल के 330 और ओबरा 112 शामिल हैं। वर्तमान में पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले के 11 ग्रामों (तहसील-राबर्ट्सगंज के तीन ग्राम क्रमश: पुरना कला, घेवल व शिवपुर, तहसील-घोरावल के सात ग्राम क्रमश: नौगई, मन्दहा, खजुरी खुर्द, खजुरी कला, भुड़कुड़ा, कूनन व बेलांव, तहसील-दुद्धी का एक ग्राम देवपुरा ) का चयन किया गया है। नवसृजित तहसील-ओबरा का कोई भी ग्राम स्वामित्व योजना के पायलट प्रोजेक्ट में सम्मिलित नहीं है। इन 11 ग्रामों में ड्रोन सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है । सम्पत्ति कार्ड भी तैयार है। कुल संपत्ति कार्डों प्राप्त करने वाले लाभार्थियों की संख्या 325 है। इस मौके पर जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत चौबे, सांसद पकौड़ी लाल कोल, विधायक सदर भूपेश चौबे, घोरावल विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्या, सांसद प्रतिनिधि कुलदीप पटेल, सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, सदर एसडीएम डॉ. कृपा शंकर पांडेय, एसडीएम घोरावल जैनेंद्र सिंह, तहसीलदार राबर्ट्सगंज वीकेवर्मा, तहसीलदार घोरावल विकास पांडेय आदि मौजूद रहे।
दुद्धी
विधायक ने दिया स्वामित्व प्रमाण पत्र
दुद्धी। स्थानीय तहसील सभागार में स्वामित्व योजना का शुभारंभ विधायक हरिराम चेरो ने लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र सौंप कर किया। विधायक ने देवपुरा गांव निवासी बेचू पुत्र दसई को प्रमाण पत्र दिया। उन्होंने कहा कि अब किसानों को खेत और मकान के प्रमाण पत्र के लिए इधर उधर भटकने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार ने स्वामित्व योजना के तहत हर किसानों तथा हर व्यक्तियों के मकान और खेतों के डिजीटल प्रमाण पत्र देने का फैसला किया है। एसडीएम रमेश कुमार ने कहा कि स्वामित्व भूमि योजना के तहत तहसील क्षेत्र के 299 गांव का सर्वे का कार्य किया जा रहा है। उसी के आधार पर भूमि और मकान स्वामियों को प्रमाण पत्र डिजिटल दिया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार सुरेशचंद्र, राजस्व निरीक्षक हल्का लेखपाल आदि मौजूद रहे।