राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरडीहा गांव में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ दबंगों ने निगरानी समिति के सदस्यों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। शोर-गुल सुनकर मौके पर ग्रामीण एकत्र हुए तो विवाद करने वाले भाग निकले। घटना से नाराज प्रधानपति समेत समिति के सदस्यों ने कोतवाली पहुंच कर विवाद करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने उन्हेें समझा-बुझाकर शांत किया।
सुबह पांच बजे गांव को खुले मेें शौच मुक्त बनाने के लिए बनाई गई निगरानी समिति के सदस्य सड़कों पर हुए अतिक्रमण हटा रहे थे। इस दौरान कुछ लोग अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे। शोर-गुल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं भीड़ एकत्र होते देख विवाद करने वाले वहां से भाग निकले। प्रधानपति राजगृही शर्मा, तेज प्रसाद, सुदामा प्रसाद समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कोतवाली जाकर घटना की सूचना दी। पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया कि निगरानी समिति के सदस्यों के विवाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।