सोनभद्र। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने गणतंत्र दिवस समारोह पूर्वक मनाने के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट में तैयारी बैठक की। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे से आठ बजे तक जिले के सभी इलाकों में स्वतंत्रता संग्राम, गणतंत्र अवधि के दौरान गाए जाने वाले गीतों के साथ प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके संयोजक डीआईओएस और बीएसए होंगे। सवा आठ बजे लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह के सामने नेहरू पार्क शहीद स्मारक पर डॉ. अर्जुनदास केशरी माल्यार्पण करेंगे। इसके संयोजक नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी होंगे।
बताया कि साढे़ आठ बजे सभी सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा संविधान में उल्लिखित संकल्प का स्मरण किया जाएगा, जिसके संयोजक सभी कार्यालयाध्यक्ष होंगे। साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के संयोजक एसपी होंगे। कार्यक्रम से संबंधित सभी अधिकारी होंगे। इसमेें जिला प्रोबेशन विभाग ने बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बेसिक शिक्षा विभाग से सर्व शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग से मदर एवं चाइल्ड हेल्थ संबंधी झांकी निकाली जाएगी। भूमि संरक्षण विभाग जल संचयन संबंधी प्रदर्शनी लगाएगा। दस बजे शैक्षणिक संस्थाओं में ध्वजारोहण होगा। साढ़े दस बजे से स्कूलों में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके संयोजक डीआईओएस, बीएसए व विद्यालय के प्रधानाचार्य होंगे। 12 बजे से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों एवं कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं को भोजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। फिर जिला अस्पताल में सीएमओ मरीजों में फल वितरण करेंगे। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन पर गोष्ठी होगी। दोपहर बाद एक बजे ग्राम परासी दूबे में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महादेव चौबे के आश्रम पर माल्यार्पण तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को डीएम व एसपी सम्मानित करेंगे। अन्य कार्यक्रमों में सभी नगर निकायों में मलिन बस्तियों का सफाई कार्यक्रम, स्वर्ण जयंती चौराहे व मुख्य चौराहे पर लाउडस्पीकर की व्यवस्था होगी। इससे राष्ट्रीय गीतों का प्रसारण किया जायेगा। पुलिस लाइन में विभिन्न विभागों की झांकी व अन्य जनोपयोगी प्रचार-प्रसार भी किये जायेंगे। सुबह सवा नौ बजे खेल विभाग क्रास-कंट्री रेस कराएगा। बैठक में सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर जैनेंद्र सिंह, चंद्रकांत शर्मा, जगदीश पंथी, ओम प्रकाश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।