सोनभद्र। साहब, पट्टीदार जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। बरसात का मौसम है और हम मकान बनवाना चाहता है, मगर मकान नहीं बनाने दिया जा रहा है। पूर्व में सुलहनामा होने पर भी पट्टीदार जमीन पर कब्जा करने के नियत से परेशान कर रहे हैं। यह गुहार रॉबर्ट्सगंज तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पाडर गांव निवासी नीरज कुमार सिंह ने लगाई। एसडीएम सदर ने मौके पर राजस्व टीम को भेजकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिले की चारों तहसीलों में कुल 468 मामले आए। इसमें सिर्फ 56 का निस्तारण हुआ। सदर तहसील में बिच्छी निवासी दिव्यांग रवींद्र कुमार ने कोर्ट में चल रहे वाद के बाद भी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। इसी गांव के राधेश्याम ने बेलन नदी में चेकडैम बनाए जाने और चकरोड क्षतिग्रस्त होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। कांती मालवीय ने रौंप में जमीन पर कब्जे की शिकायत की। बताया कि जमीन का सीमांकन करा दिया गया है। बावजूद जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, एसडीएम ने स्टे दे रखा है। लसड़ा गांव के राजेश देव पांडेय ने सार्वजनिक रास्ता व भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। बताया कि सार्वजनिक जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया गया है। इससे ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। संपूर्ण समाधान दिवस पर यहां 118 प्रकरण पहुंचे। इसमें जमीन विवाद से संबंधित अधिक मामले रहे। 21 मामले मौके पर और चार मामले टीम गठित कर निस्तारित कराए गए। इस मौके पर एसडीएम सदर प्रमोद कुमार तिवारी, एएसपी कालू सिंह, सीओ डॉ.चारु द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
एसपी और एडीएम न्यायिक ने ओबरा में सुनी फरियाद
ओबरा/घोरावल/दुद्धी। ओबरा में आयोजित समाधान दिवस पर एसपी डॉ.यशवीर सिंह व एडीएम (न्यायिक) सुभाष चंद्र यादव, एसडीएम विवेक कुमार सिंह ने जन शिकायतों को सुना। यहां 101 मामले आए, 12 मामलों का निस्तारण किया गया। दो टीम क्षेत्र में भेजकर, पांच प्रकरणों का निस्तारण किया गया। घोरावल में एसडीएम राजेश सिंह की अध्यक्षता में समस्याओं का निस्तारण हुआ। यहां 162 शिकायतें आई। इनमें से सात निस्तारित हुए। दुद्धी में एडीएम सहदेव कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में समाधान दिवस में 87 शिकायतें आईं। इसमें कुल सात मामलों का निस्तारण हुआ। बाकी 80 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया गया। इस मौके पर एसडीएम सुरेश राय, सीओ पिपरी अमित कुमार, तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव, बीडीओ म्योरपुर हेमंत सिंह आदि रहे।