सोनभद्र। ट्रू नाट मशीन से बृहस्पतिवार को हुई जांच में स्वास्थ्यकर्मी व उसकी पत्नी की रिपोर्ट संदिग्ध मिलने पर जिला अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जिला अस्पताल के आपरेशन थियेटर, पैथालाजी व कार्यालय सील कर दिया गया। पूरे अस्पताल परिसर व आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज भी कराया गया। उधर, रिपोर्ट पाजिटिव मिलने पर मधुपुर कोविड केयर में भर्ती बंतरा निवासी 30 वर्षीय युवक इलाज के बाद स्वस्थ्य होकर बृहस्पतिवार को घर लौट गया। बृहस्पतिवार को 147 लोगों की रिपोर्ट आई। सभी निगेटिव मिले। इसके अलावा 224 लोगों के सैंपल लेकर भी जांच के लिए भेजे गए।
सीएमओ डा.एसके उपाध्याय के मुताबिक बृहस्पतिवार को स्वस्थ होकर घर लौटे व्यक्ति को 20 जून को अस्तपाल में भर्ती किया गया था। इसके साथ ही अब तक पाजिटिव मिले 42 लोगों में से 34 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। आठ अन्य का कोविड केयर सेंटर मधुपुर में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 5460 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 4763 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 42 पाजिटिव और 4741 निगेटिव मिले हैं।
उधर, ट्रू नाट मशीन से हुई जांच में स्वास्थ्यकर्मी व उसकी पत्नी की रिपोर्ट संदिग्ध मिली। इस पर उनके सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेज दिए गए। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. पीबी गौतम ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी व उसकी पत्नी की ट्रू नाट मशीन से की गई जांच में रिपोर्ट संदिग्ध मिली। दोनों के सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेज दिए गए। एहतियात के तौर पर अस्पताल के आपरेशन थियेटर, पैथालाजी, नेत्र चिकित्सा विभाग और कार्यालय को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। अस्पताल परिसर व आसपास के इलाको सैनिटाइज भी कराया गया है। दंपती को होम क्वारंटीन किया गया है। कर्मी से फोन पर बात कर स्वास्थ्य की जानकारी भी ली गई है।