करीब नौ माह पूर्व हुए मनीष कुमार की मौत के मामले में सीजेएम आलोक यादव की अदालत ने दंपती समेत तीन लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर विवेचना का आदेश चोपन पुलिस को दिया है।
विवेचना के परिणाम से न्यायालय को भी अवगत कराने काे कहा है। यह आदेश चोपन थाना क्षेत्र के बेलछ टोला अकेलवा गांव निवासी अर्जुन प्रसाद के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान दिया।
कोर्ट में 16 नवंबर 2024 को दाखिल प्रार्थना पत्र में अर्जुन प्रसाद ने अवगत कराया है कि उसका बेटा मनीष कुमार डाला प्लांट में 11 अक्तूबर को काम करने शाम 4 बजे घर से निकला था।
गांव का सुदेश्वर उसके घर आया था और उसके कहने पर मनीष कुमार रास्ते से ही सुदेश्वर के घर चला गया। जब बेटा घर वापस नहीं आया तो उसकी खोजबीन शुरू की। पता चला कि वह प्लांट पर पहुंचा ही नहीं था।
काफी तलाश करने के बाद भी जब सुदेश्वर से पूछताछ की गई तो वह टालमटोल करने लगा। मनीष के माेबाइल पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा था। इसी बीच 14 अक्तूबर को सुबह सूचना मिली कि बेटे मनीष की लाश नाले में पड़ी है।
सिर्फ अंडरवियर के अलावा शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। काफी दूर सुदेश्वर की पत्नी सिताबी देवी की शाल व साड़ी का आधा भाग बेडशीट में लपेटा दिखाई दिया।
आशंका जताई कि बेटे मनीष की हत्या गांव के सुदेश्वर, पत्नी सिताबी देवी व उनके दामाद गिरिया निवासी रमेश ने साजिश के तहत किया है। इसकी सूचना कई बार थाने दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बेटे की लाश जहां से बरामद हुई है उस नाले में 2 फीट से ज्यादा पानी ही नहीं है जिससे डूबकर मर सके। कोर्ट ने इस मामले में सीओ से प्रारंभिक जांच आख्या मांगी थी, जिस पर डूबने से मौत का उल्लेख किया गया।
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने घटना को प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध मानते हुए एसओ को केस दर्ज कर विवेचना करने व कार्रवाई से न्यायालय को अवगत कराने को भी कहा है।