सिंगरौली। बंधोरा गाँव मे स्थापित एस्सार पावर का ऐश डाइक डैम 7 अगस्त को भारी बारिश के कारण टूट गया था जिससे खैराही एवं कर्सुआलाल के किसानों को भारी क्षति हुई है। कलेक्टर केवीएस चौधरी के निर्देश पर राजस्व अमले ने सर्वे कर प्रारंभिक आकलन में 50 लाख की क्षति होने का अनुमान जताया है।
कलेक्टर के वीएस चौधरी द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस्सार पावर एमपी लिमिटेड बंधौरा को 10 अगस्त को पत्र लिखकर एस्सार के सीईओ को निर्देशित किया गया है कि 7 अगस्त को एस्सार पावर एमपी लिमिटेड बंधौरा का ऐशडाइक अचानक टूट जाने के कारण आस.पास के इलाके में राख मिश्रित पानी भर गया है । जिससे ग्राम कर्सुआलाल तथा खैराही के किसानों की फसल व अन्य परिसंपत्ति की क्षति का प्रारंभिक आंकलन कर लिया गया है। जिसके अनुसार करीब 50 लाख रूपये की क्षति आंकी गयी है। कलेक्टर श्री चौधरी द्वारा सीईओ एस्सार पावर को निर्देशित किया गया है कि 50 लाख रूपये की डीडी तत्काल कलेक्टर जिला सिंगरौली के नाम कलेक्ट्रेट कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित करें। विस्तृत सर्वे में यदि राशि बढ़ती है तो उसकी मांग एस्सार प्रबंधन से पृथक से की जायेगी।