अनपरा स्थित महावीर चौक पर लगा जाम। संवाद
रेणुसागर। अनपरा बाजार के मुख्य चौराहे महावीर चौक पर शाम को यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। भीषण जाम के कारण यातायात का पहिया ठहर गया। अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यहां रोजाना जाम लग रहा है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की तैनाती न होने से समस्या बढ़ रही है। यह जाम स्थानीय व्यवसायी, पैदल राहगीर, स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और मरीजों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है। लोगों ने इस पर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई बार जाम में एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी घंटों फंसे रहते हैं। अनपरा बाजार नगर का सबसे बड़ा बाजार है, जहां थोक और खुदरा खरीदारी के लिए अक्सर भीड़ रहती है। बाजार क्षेत्र के दुकानदार अक्सर अतिक्रमण कर सामान सड़क तक फैला देते हैं। इसके अलावा, बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण भी लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। शाम होते ही महावीर चौक पर सड़क किनारे खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आवागमन प्रभावित होने लगता है। पैदल राहगीरों को भी निकलने में परेशानी होती है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान न चलने और यातायात व्यवस्था की निगरानी न होने से स्थिति बिगड़ती जा रही है। शाम के समय चौराहा व्यस्त होने के बावजूद रेणुसागर पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर मौजूद नहीं रहती, जिससे जाम और ग्राहकों की भीड़ के बीच अक्सर विवाद होते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महावीर चौक पर पुलिस कर्मियों की अनुपस्थिति से जाम की समस्या बढ़ रही है।