बीजपुर। थाना क्षेत्र के महरीकला गांव में बुधवार देर रात सांप के डसने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। महरीकला गांव निवासी सुरेंद्र बैगा का पुत्र रोहित (5) बुधवार रात परिजनों के साथ घर में जमीन पर सो रहा था। देर रात सांप ने उसके सीने पर डस लिया। सांप के काटते ही बालक चीखने लगा, जिससे परिजनों की नींद खुल गई। वाहन मिलने पर परिजन उसे लेकर सीएचसी म्योरपुर पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात डॉ. पल्लवी सिन्हा ने उपचार शुरू किया लेकिन तब तक विष शरीर में काफी फैल चुका था। चिकित्सकों के अनुसार, यदि सर्पदंश के तुरंत बाद बालक को अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसके बचने की संभावना अधिक थी। अस्पताल पहुंचने में हुई देरी उसके लिए घातक साबित हुई। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना मेमो के माध्यम से बीजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सर्पदंश से बालक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।