असम के कोकराझार में आतंकी हमले में 14 लोगों की मौत होने से नाराज सपाजनों ने शनिवार को राबर्ट्सगंज के धर्मशाला चौक पर आतंकवाद का पुतला फूंका। केंद्र सरकार के ऊपर आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप मढ़ा।
मुलायम सिंह यादव यूथ बिग्रेड के नगर अध्यक्ष शीतल सोनी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी युवजन सभा के जिला सचिव पंकज त्यागी ने कहा कि देश के गृहमंत्री अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे है।
इसलिए गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। यूथ ब्रिगेड के जिला सचिव हरिशंकर विश्वकर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार आश्वासन के अलावा आतंकवादियों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं कर रही है। शीतल सोनी ने कहा कि देश के लिए आतंकवाद बड़ी समस्या है। वर्ष 2014 में लोक सभा चुनाव के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि देश में सरकार बनने पर आतंकवाद को जड़ से समाप्त कर देंगे।
लेकिन केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद आतंकी घटनाएं और बढ़ गई है। इस मौके पर अर्जून, धीरज कुमार सोनी, शमशेर अली, प्रमोद कुमार, विनोद खरवार, विकास सोनी, प्रिंस, दिलीप कुमार, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।