फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: 115 किमी के हाईवे पर सिर्फ दो एंबुलेंस, हादसे के बाद मदद का इंतजार

विज्ञापन
पड़ताल वाली खबर में फोटो: वाराणसी-श​क्तिनगर राजमार्ग पर बुड़हर गांव के पास बंद अवैध कट के बगल स
विज्ञापन
सोनभद्र। कोहरे का मौसम शुरू हो गया है, लेकिन जिले के प्रमुख वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम बदहाल हैं। 115 किलोमीटर लंबे इस राजमार्ग पर टोल संचालन करने वाली एसीपी टोलवेज कंपनी के पास महज दो एंबुलेंस हैं। सुकृत से हाथीनाला के बीच करीब 16 ब्लैक स्पॉट हैं, जहां अक्सर हादसे होते हैं। इसके बावजूद घायलों को तत्काल मदद मिलने की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। सड़क किनारे सफेद पट्टी गायब है तो पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर गहरी खाइयों के मुहाने तक सुरक्षा घेरा नहीं है। करीब 20 किलोमीटर के दायरे में टोल हेल्पलाइन के सिर्फ तीन बोर्ड लगे हैं। उन पर भी नंबर एक तरफ ही दर्ज है। ऐसे में कोहरे और कम दृश्यता के बीच वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा हो गया है। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग जिले की जीवनरेखा माना जाता है। एसएच-5 के नाम से जाना जाने वाला यह मार्ग पूर्वांचल ही नहीं, प्रदेश के व्यस्ततम राजमार्गों में शामिल है। मिर्जापुर के नारायणपुर से सोनभद्र के हाथीनाला तक इसका चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाया गया है। करीब दस वर्ष पहले फोरलेन बने इस मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। रविवार को रॉबर्ट्सगंज से हिंदुआरी तिराहा और वहां से मारकुंडी घाटी होते हुए रॉबर्ट्सगंज तक की पड़ताल में सड़क सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। रॉबर्ट्सगंज से हिंदुआरी तिराहा के बीच कई जगह सड़क किनारे सफेद पट्टी गायब मिली। जहां पट्टी बनी है, वहां भी वह धुंधली पड़ चुकी है। जगह-जगह गड्ढे भी हैं। कोहरे और अंधेरे में सड़क की सीमा स्पष्ट नहीं होने से वाहन अनियंत्रित होकर नीचे उतर सकते हैं। यातायात संबंधी बोर्ड तो दिखाई दिए, लेकिन सड़क की खामियों को दूर करने के जरूरी इंतजाम नजर नहीं आए। जिले की पहाड़ी और घुमावदार सड़कों पर कई जगह गहरी खाइयां हैं। इनके किनारे वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए मजबूत लोहे की बैरिकेडिंग जरूरी है, लेकिन कई स्थानों पर यह व्यवस्था नदारद है। घोरावल-शिल्पी मार्ग की घाटी में चढ़ाई वाले हिस्से पर लोहे का सुरक्षा घेरा क्षतिग्रस्त है। छह माह बाद भी इसकी मरम्मत नहीं हुई है। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग की मारकुंडी घाटी में भी कई स्थानों पर सुरक्षा घेरा टूटा हुआ है। कोहरे में सामने का रास्ता स्पष्ट नहीं दिखने से जरा सी चूक वाहन को खाई में पहुंचा सकती है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन भी खतरा बढ़ा रहे हैं। हादसे के समय तत्काल मदद के लिए टोल हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी पर्याप्त नहीं है। करीब 20 किलोमीटर के दायरे में हेल्पलाइन नंबर के महज तीन बोर्ड दिखाई दिए। इन पर भी नंबर सिर्फ एक तरफ लिखा है। दूसरी दिशा से आने वाले वाहन चालकों को आपात स्थिति में नंबर तलाशने में परेशानी हो सकती है। टोलवेज के कई संकेतक बोर्ड पर राजनीतिक दलों के नेताओं के होर्डिंग लगे हैं, जिससे संकेतकों की उपयोगिता प्रभावित हो रही है। राजमार्ग पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी चिंता का विषय है। एसीपी टोलवेज के कर्मचारियों के मुताबिक, लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा पर एक एंबुलेंस तैनात है। इसका दायरा मालोघाट टोल प्लाजा से हिन्दुआरी तक है। इससे आगे नारायणपुर टोल प्लाजा की एंबुलेंस की जिम्मेदारी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद टोलवेज की एंबुलेंस समय से मौके पर नहीं पहुंच पाती। ऐसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 नंबर की सरकारी एंबुलेंस ही प्रमुख सहारा बनती है। लोगों ने टोल हेल्पलाइन पर फोन करने के बाद भी तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिलने की शिकायत की है। मारकुंडी घाटी स्थित ईको प्वाइंट से पहले बाईं पटरी पर रंबर स्ट्रीप ब्रेकर बना है। इससे करीब पांच मीटर पहले बनी सफेद पट्टी धुंधली पड़ चुकी है। इससे वाहन चालकों को न तो पट्टी स्पष्ट दिखाई देती है और न ही ब्रेकर का अंदाजा लग पाता है। पास में लगा टोल हेल्पलाइन बोर्ड भी सिर्फ एक तरफ से दिखाई देता है। दूसरी तरफ नंबर दर्ज नहीं है। हिन्दुआरी तिराहा के समीप लगे हेल्पलाइन बोर्ड की भी यही स्थिति है। रॉबर्ट्सगंज-खलियारी स्टेट हाईवे पर बिजौली गांव के पास पुलिया की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त है। इससे सड़क की पटरी पर खाई बन गई है। वाहनों के गुजरने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। कोहरे में खाई दिखाई नहीं देने से खतरा और बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों ने पुलिया की सुरक्षा दीवार बनवाने या लोहे का सुरक्षा घेरा लगाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें