राबर्ट्सगंज राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं को पढ़ाती डॉ.मंजूषा राय।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में आठ माह बाद खुले राजकीय महिला महाविद्यालय में कोरोना के चलते कम छात्राएं आ रही हैं। मंगलवार को दूसरे दिन छात्राओं की संख्या महज पांच फीसदी ही रही। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना का कहना है कि प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार विद्यालय संचालित कराया जा रहा है।
राजकीय महिला महाविद्यालय कोविड-19 देखते हुए विद्यालय को पहले ही सैनेटाइज किया गया है । विद्यालय में छात्राओं की उपस्थिति कम हो रही हैं। राजकीय महिला महाविद्यालय में मंगलवार की दोपहर मंजूषा राय छात्राओं को पढ़ा रही थीं। उन्होंने कोरोना के प्रति छात्राओं को जागरूक किया और सोशल डिस्टेंस के बारे में भी जानकारी दी। कहा, कि बगैर मॉस्क लगाए कोई भी छात्रा महाविद्यालय में न आए। यदि कोई छात्रा आती है तो उसे वापस कर दिया जाएगा। महाविद्यालय की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा साधना का कहना है कि हम लोग काफी दिन से विद्यालय खुलने का इंतजार कर रहे थे। स्कूल खुलने पर खुशी भी है और अब हम लोगों की पढ़ाई भी बाधित नहीं होगी। विद्यालय की बीए तृतीय की छात्रा सुधा और पिंकी का कहना है कि कोरोना से बचने के लिए हम लोग स्वयं सैनिटाइजर और मास्क लेकर ही विद्यालय में आ रहे हैं। आपस में भी कोरोना के प्रति एक दूसरे को जागरूक कर रहे हैं। महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर ही थर्मल स्क्रीनिंग कर ही प्रवेश किया जा रहा है। विद्यालय की छात्रा रवीना का कहना है कि विद्यालय खुलने से हम लोगों का पिछड़ा कोर्स पूरा होगा। नियमित रूप से कक्षाएं करेंगी ताकि फाइनल ईयर में अच्छे अंक से स्नातक पास हो सकें।