जिले के युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए भले केंद्र सरकार ने पीएमईजीपी और प्रदेश सरकार ने एसवाईएस योजना शुरू की है। लेकिन जागरूकता केे अभाव में युवाओं को योजना का लाभ नहीं मिल रहा। नौ साल में पीएमईजीपी से सिर्फ 188 एवं साल भर में एसवाईएस के 14 लोगों को रोजगार मिला हैै।
जिला उद्योग केंद्र से युवाओं को स्वरोजगार के लिए सब्सिडी पर लघु उद्योग और सेवा क्षेत्र के लिए कर्ज मुहैया कराया जाता है। जिला उद्योग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 से जिले में प्रधानलमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम संचालित हो रहा है। इसके तहत अब तक करीब 188 लोगों को लघु उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में रोजगार मुहैया कराया गया है। वहीं वर्ष 2015-2017 से प्रदेश सरकार की समाजवादी युवा रोजगार सेवा शुरू हुई। इस योजना के तहत अब तक 14 लोगों को रोजगार मुहैया कराया जा चुका है। इस संबंध में जिला उद्योग प्रबंधक एसबी सिंह ने कहा कि पीएमईजीपी के तहत प्रत्येक वर्ष लक्ष्य मिलता है। इस योजना से लगभग 188 लोग लाभान्विंत हुए। इस योजना से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लाभार्थियों के लिए सब्सिडी अलग-अलग निर्धारित की गई हैै।
वहीं प्रदेश सरकार ने इस वर्ष एसवाईएस योजना के तहत 17 लोगों को लाभांवित करने का लक्ष्य मिला था। इसके तहत 14 लोगों का चयन किया जा चुका हैै। एसवाईएस योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को 25 प्रतिशत सब्सिडी मिलती हैै। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन इच्छुक व्यक्ति आवेदन करते हैं। योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाता हैै।