पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा कक्षा 9 व 10 (पूर्वदशम एवं दशमोत्तर) में अध्ययनरत छात्रों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं 2 जुलाई से 30 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी विद्यालय में 3 जुलाई से 4 नवम्बर तक आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा करनी होगी।
विद्यालय स्तर से छात्रों के आवेदन 3 जुलाई से 6 नवंबर तक ऑनलाइन सत्यापित और अग्रसारित किए जाएंगे। इस दौरान छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन विवरणों का मिलान कर अपात्र छात्रों के आवेदन निरस्त और पात्र छात्रों के आवेदन भेजे जाएंगे।
मास्टर डाटा की तैयारी और मान्यता प्राप्त विद्यालयों का ऑनलाइन पंजीकरण 1 जुलाई से 5 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विद्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक के समक्ष समस्त आवश्यक प्रपत्र प्रस्तुत करेंगे।
डीआईओएस की ओर से विद्यालयों की मान्यता, स्वीकृत सीटों और प्रोफाइल की ऑनलाइन डिजिटल हस्ताक्षर से 2 जुलाई से 15 अक्टूबर तक सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कक्षा 10 में अध्ययनरत नवीनीकरण के छात्रों के लिए संस्था स्तर से केवल प्रवेश तिथि एवं कक्षा 9 का परीक्षाफल अंकित कर आवेदन अग्रसारित किया जाएगा।
इसी प्रकार कक्षा 12 के नवीनीकरण छात्रों के लिए संस्था स्तर से कक्षा 12 में प्रवेश तिथि व कक्षा 11 का परीक्षाफल दर्ज कर ऑनलाइन आवेदन अग्रसारित किया जाएगा। छात्रवृत्ति के लिए छात्र योग्य पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि आवेदन प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूर्ण करें।