पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद के शिक्षित, बेरोजगार युवाओं के लिए ओ-लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 14 जुलाई तक विभागीय वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि यह योजना पूरी तरह ऑनलाइन है और प्रशिक्षण जनपद के नीलिट से मान्यता प्राप्त दो संस्थानों की ओर से प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जो किसी अन्य शैक्षणिक संस्थान से छात्रवृत्ति नहीं ले रहे हैं, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से कम हो, उम्र 35 वर्ष से कम हो और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हों।
ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन की प्रति डाउनलोड कर दो सेट में सभी आवश्यक अभिलेखों सहित पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय, कक्ष संख्या-35, विकास भवन, लोढ़ी, सोनभद्र में जमा करना अनिवार्य होगा।