शक्तिनगर (सोनभद्र)। कोयला लोड मालगाड़ी का एक वैगन पलटने व दूसरे के बेपटरी होने से कोल प्रबंधन व रेलवे के अफसरों में खलबली मच गई। घटना शुक्रवार को बीना कोयला क्षेत्र के सीएची लोडिंग पाइंट के समीप हुई। जिससे बीना के रेल ट्रैक पर मालगाड़ियों का परिचालन ठप हो गया। मौके पर पंहुचे रेलवे एवं एनसीएल अधिकारियों ने मालगाड़ी से बोगी अलग कर ट्रैक पर पलटी बोगी हटवाने में जुट गए।
बताया जा रहा है कि कोयला लोड कर मालगाड़ी अनपरा थर्मल पावर प्लांट के लिए जा रही थी। एनसीएल बीना कोयला क्षेत्र के सीएचपी लोडिंग पॉइंट के पास एक बोगी पलटी और दूसरे बोगी पटरी छोड़ नीचे उतर गई। जिससे रेलवे ट्रैक जाम हो गया। इसके चलते कोयला लोडिंग व ट्रेनों के माध्यम से पावर प्रोजेक्टों सहित अन्य उपभोक्ताओं को कोयला प्रेषण ठप हो गया। घटना के कारणों पर एनसीएल व रेलवे की तरफ से कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है। मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना था कि घटना की वजहों की जांच की जाएगी।