बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के नधिरा बीजपुर मार्ग पर शनिवार की दोपहर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को धक्का मार दिया। घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की उपचार के दौरान ट्रामा सेंटर वाराणसी में मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार इंजानी से नधिरा बाइक से धनलाल और शिव कुमार आ रहे थे। जब बाइक सवार नधिरा सब स्टेशन के पास पहुंचे, इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए, जहां हालत गंभीर होने की वजह से ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर वाराणसी में रविवार को दोपहर बाद दो बजे शिवकुमार 55 पुत्र बेचू की मौत हो गई। धनलाल 45 पुत्र रामसुंदर निवासी इंजानी का हालत नाजुक है। मृतक के पुत्र संतोष कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।