सोनभद्र। जिले में 39 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव मिले लोगों की संख्या 2547 हो गई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 20 मरीज इलाज के बाद मंगलवार को स्वस्थ भी घोषित किए गए। अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 2249 हो गई है। मंगलवार को 39 पॉजिटिव मरीज मिलने पर जिले में एक्टिव मामले 272 हो गए हैं। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की। उधर, राबर्ट्सगंज निवासी 68 वर्षीय एक व्यक्ति की रिपोर्ट मौत होने के बाद पॉजिटिव आने की जानकारी मिलने पर अंतिम संस्कार में शामिल लोगों में संक्रमण की आशंका जताई जा रही है।
दरअसल, राबर्ट्सगंज निवासी एक व्यवसायी की तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजनों ने उन्हें वाराणसी स्थित एक निजी चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान बीते सोमवार को मौत हो गई। उधर, मरीज की मौत के बाद मंगलवार को उस व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। इस बीच चिकित्सकों की टीम मंगलवार को भी संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेेने में जुटी रही। मंगलवार को 1755 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। इसके अलावा 1511 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट भी आई। जिसमें 39 पॉजिटिव और 1472 की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 94925 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 93455 लोगों की रिपोर्ट आई है। पॉजिटिव मिले लोगों में से 2547 पॉजिटिव और 90908 निगेटिव मिले हैं। अन्य 1470 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। संक्रमित मिले लोगों में से तीन की मौत जिला अस्पताल परिसर स्थित कोविड केयर सेंटर में इलाज के दौरान हुई है जबकि अन्य 23 लोगों की मौत दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पॉजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।