रिहंद डैम से लगातार पानी की आवक के चलते ओबरा डैम का एक फाटक दूसरे दिन भी खुला रहा। फाटक नंबर आठ को तीन फीट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। बांध पर आधारित जल विद्युत की तीनों इकाइयों से भी बिजली उत्पादन जारी रहा।
वहीं जलस्तर नियंत्रित होने के बाद नगवां बांध का खोला गया फाटक शुक्रवार देर शाम बंद कर दिया गया। रिहंद डैम स्थित पिपरी जल विद्युत परियोजना की सभी टरबाइनों से लगातार बिजली उत्पादन के चलते डाउनस्ट्रीम ओबरा डैम में शुक्रवार को भी करीब 18 हजार क्यूसेक पानी की आवक बनी रही।
जलस्तर नियंत्रित करने के लिए ओबरा डैम का फाटक नंबर आठ तीन फीट खुला रखा गया।
बुधवार रात ओबरा डैम का जलस्तर 193.25 मीटर पहुंचने पर फाटक नंबर आठ को तीन फीट खोला गया था। ओबरा बांध प्रखंड के अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार खरे ने बताया कि ओबरा जल विद्युत परियोजना से करीब 14,400 क्यूसेक और फाटक से 3,600 क्यूसेक पानी रेणु नदी में छोड़ा जा रहा था।
समाचार लिखे जाने तक पिपरी स्थित रिहंद जल विद्युत परियोजना की सभी छह टरबाइनों से 286 मेगावाट और ओबरा जल विद्युत परियोजना की तीनों टरबाइनों से 78 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था।