सोनभद्र। कोरोना संक्रमित रेणुकूट क्षेत्र निवासी 68 वर्षीय एक मरीज की रविवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस बीच पिछले चौबीस घंटे के दौरान 11 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 4964 हो गई है। इसके अलावा 18 मरीज इलाज के बाद रविवार को स्वस्थ घोषित किए गए। एक्टिव मामले 119 हो गए हैं। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने की है।
उधर, चिकित्सकों की टीम रविवार को संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। रविवार को 1649 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। इसके अलावा रविवार को 1652 लोगों की रिपोर्ट भी आई। इसमें 11 पॉजिटिव और 1641 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 238348 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 236830 लोगों की रिपोर्ट आई है। इसमें 4964 पॉजिटिव और 231866 निगेटिव मिले हैं। इसके अलावा 1518 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। संक्रमित मरीजों में से 74 की मौत हो चुकी है। 24 की मौत सोनभद्र और 50 की दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। रविवार को संक्रमित मिले लोगों के आवासों के आसपास बैरिकेडिंग करने व सैनिटाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।