सोनभद्र। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ की ओर से बृहस्पतिवार को एक राष्ट्र एक चुनाव पर संगोष्ठी हुई। राॅबर्ट्सगंज के इंडियन ट्रेनिंग सेंटर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी और विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिला प्रभारी अनिल सिंह रहे।
सीमा द्विवेदी ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन आज की जरूरत है। पूरा देश पूरे वर्ष तक चुनाव के मूड में रहता है, जिससे पूरे राष्ट्र की क्षति होती है। इस राष्ट्रीय क्षति को रोकने का एक ही निदान है ''''एक राष्ट्र-एक चुनाव''''। जिला प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि जब पूरे राष्ट्र का चुनाव एक बार में होगा तो सरकारी अमला जनहित के कार्यों को अधिक समय देकर उसे मूर्त रूप में पूरा कर पाएगी। जिलाध्यक्ष नंदलाल ने कहा कि भाजपा सरकार कभी भी चुनावी लाभ के लिए किसी मुद्दे को जिंदा नहीं रखती है, बल्कि राष्ट्रहित और जनहित में समस्या रूपी मुद्दे को ही खत्म कर देती है। कार्यक्रम में आनंद प्रकाश गुप्ता, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य राजेंद्र यादव, राजकुमार, प्रसन्न पटेल, धनंजय दुबे रहे। संचालन जिला मंत्री शंभू नारायण सिंह ने किया।