राबर्ट्सगंज मुख्यालय पर स्थित सीएमओ दफ्तर में रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. यूके वर्मा ने नौनिहाल को दो बूंद जिंदगी की पिला कर पोलियो महाभियान का शुभारंभ किया। जिले मेें 1070 बूथों पर तीन लाख 44 हजार के सापेक्ष करीब डेढ़ लाख बच्चों को पोलियो का खुराक पिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमओ डा. यूके वर्मा ने कहा कि सभी अभिभवावक शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को हरहाल में पोलियो की खुराक पिलावाएं, ताकि बच्चें पोलियो से मुक्त रहें। कहा कि पोलियो महाभियान में लगे सभी कर्मचारी ईमानदारी पूर्वक कार्य करते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएं।
कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसीएमओ डा. गणेश प्रसाद, डिप्टी सीएमओ डा. वीके अग्रवाल, डीके सिंह, सरजू प्रसाद, पीके सिंह आदि मौजूद रहे।
रेनुकूट संवाददाता के अनुसार ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेनुकूट, सोनभद्र के इकाई प्रमुख सुरेश सोडानी एवं मानव संसाधन प्रमुख प्रसेनजीत लाहा के देख-रेख में रविवार को पोलियो मुक्त भारत अभियान के तहत कंपनी के आवासीय परिसर में स्थित स्टाफ मेस व प्राइमरी स्कूल पर पोलियो शिविर का शुभारंभ कंपनी के मानव संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मनोज पांडेय द्वारा बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाकर किया गया।
इस मौके पर पोलियो टीम के मनोज वर्मा, करन कुमार, प्रभात, अभिषेक, कुंदन के अलावा कंपनी के ग्रामीण विकास अधिकारी अमर सिंह मौजूद रहे।