घोरावल थाना क्षेत्र के शिवद्वार गांव में सोमवार की देर शाम टेंपो पलटने से वृद्धा की मौत हो गई। इस हादसे में टेंपो सवार दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हुए। उन्हें घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया। सभी मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे।
मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी अमृत लाल के परिवार के लोग पोते का मुंडन संस्कार कराने शिवद्वार धाम आए थे। मंदिर परिसर में पूजन-अर्चन व अन्य कार्यक्रम होने के बाद देर शाम सभी टेंपो में सवार होकर घर लौट रहे थे। मंदिर से कुछ दूरी पर इंडियन बैंक के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में अमृत लाल की पत्नी कमलावती (62), रजनी (55), विकास (18), हीरा (68), इंद्रदेव (43), पेढ़ गांव निवासी मंगल (23), सोनी (28) घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से सभी को घोरावल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कमलावती को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का सीएचसी में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि वृद्धा की हादसे में मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।