पशु चराने गए बुजुर्गों पर भौंरों का हमला
- फोटो : सोशल मीडिया।
यूपी के सोनभद्र जिले में सोमवार को भौंरों के काटने से एक बुजर्ग की मौत हो गई। जबकि एक अन्य बुजुर्ग की हालत गंभीर है। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी ग्राम पंचायत में ये घटना तब घटी जब दोनों बुजुर्ग पशु चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करीब एक माह पहले भौंरो के हमले से ओबरा क्षेत्र में एक बालिका की भी मौत हुई थी।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी ग्राम पंचायत निवासी अब्दुल गफूर (75) और रामभरोस (68) पशु चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। डोंगियानाला के पास करिहवा घाट की ओर गए थे। जंगल से अचानक निकले भौंरों के झुंड ने हमला बोल दिया। हमले में अब्दुल गफूर और रामभरोस गंभीर रुप से जख्मी हो गए। किसी तरह भौंरो से बचते हुए दोनों गांव पहुंचे।
आनन-फानन दोनों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान गफूर की मौत हो गई। रामभरोस की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने मेमो के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।