सोनभद्र। जिला योजना में निकायों से निर्वाचित होने वाले चार सदस्य पदों के लिए मतदान 25 जून को होगा। चुनाव की प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम ने सहायक निर्वाचन अधिकारी की मदद के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की है।
डीएम ने बताया कि 25 जून को पूर्वाह्न 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा। वहीं मतगणना 25 जून को अपराह्न तीन बजे से होगा। मतदान एवं मतगणना को सम्पन्न कराने के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी की सहायता के लिए अपर सांख्यिकी अधिकारी केएन उपाध्याय को प्रथम मतदान अधिकारी, सदर ब्लाक के एडीओ समाज कल्याण अविनाश कुमार को द्वितीय मतदान अधिकारी, सफाई कर्मचारी चंद्रिका को तृतीय मतदान अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनके अलावा अपर सांख्यिकी अधिकारी दिवाकर सिंह, जेई एमआई पारसनाथ भारती, कोमल पाल को आरक्षित रूप में रखा गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी मतदान-मतगणना संपन्न कराने के लिए पूरी तरह उत्तरदाई होंगे। कर्मचारियों का प्रशिक्षण 24 जून को दोपहर 12 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में होगा।