ओबरा स्थित राजकीय पीजी कॉलेज में चल रहे दो दिवसीय रोवर्स रेंजर्स के जनपदीय समागम का बुधवाार को समापन हुआ। विभिन्न गतिविधियों के आधार पर रोवर्स और रेंजर्स दोनों वर्गों में मेजबान ओबरा कॉलेज की टीम चैंपियन बनी।
प्रतियोगिताओं में ओबरा के रोवर्स ने 85 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया तो रेंजर्स टीम को 83 अंक मिले। दोनों टीम कुल 168 अंक पाकर जिले की ओवरआल चैंपियन बनी। आरपी पीजी काॅलेज धरसड़ा घोरावल के रोवर्स टीम ने 69 अंक पाकर द्वितीय स्थान और रेंजर्स टीम ने 57 अंक पाकर तृतीय स्थान पर रही।
ओवरआल कुल 126 अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बीआरडी पीजी कॉलेज दुद्धी के रोवर्स टीम ने 50 अंक पाकर तृतीय और रेंजर्स टीम ने 63 अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ओवर आल प्रदर्शन में दुद्धी ने कुल 113 अंक पाकर तृतीय स्थान हासिल किया।
दो दिनों के जनपदीय समागम में रोवर्स रेंजर्स नाटक, लोक नृत्य, निबंध, क्विज, पोस्टर, झांकी, ध्वज शिष्टाचार, नाइट स्काउटिंग सहित अन्य प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया। उन्हें अतिथियों ने मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने अध्यक्षीय संबोधन में रोवर्स रेंजर्स की स्थापना, उदेश्य व सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। स्वागत भाषण ओबरा महाविद्यालय रोवर्स प्रभारी डॉ. राजेश प्रसाद व धन्यवाद ज्ञापन रेंजर्स प्रभारी डॉ. वैशाली शुक्ला ने किया।
समापन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नृत्य नाटक, भाषण प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में राजेश कुमार प्रजापति सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, अब्दुल कयूम अहमद जिला कोषाध्यक्ष सुनील सिंह, किरन सिंह, शुभम सोनी, नीरा सिंह, सैयद अनवर हुसैन, शैलेंद्र मिश्रा रहे।