बढ़ती तपिश के साथ जल स्रोत जवाब देने लगे हैं। ऐसे में बीजपुर और ओबरा में करीब एक माह से जल संकट झेल रहे रहवासियों का सब्र मंगलवार को टूट गया। पानी की मांग करते हुए लोग सड़क पर उतर पड़े। भलुआ टोला और रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। घंटों मशक्कत के बाद टैंकर से पानी आपूर्ति शुरू कराई गई, तब जाकर लोग शांत हुए।
बीजपुर में जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे सलीम खान, मुख्तार अंसारी, राजू, बूटन, गोपाल, रामप्रवेश, संजय, मनोज आदि का कहना है कि पखवारे भर पूर्व भी पानी संकट को लेकर आवाज उठाई थी। बावजूद समस्या जस की तस रही। नाराज लोग मंगलवार की सुबह दस बजे खाली बाल्टी-डब्बा लेकर मछली बाजार के सामने मुख्य मार्ग जाम लगा दिया।
एसओ अंजनी कुमार मिश्रा ने पानी संकट का स्थायी हल निकलवाने का आश्वासन दिलवाने के साथ ही प्रधान प्रतिनिधि रामाज्ञा सिंह को बुलाकर ग्रामीणों से वार्ता कराई। रामाज्ञा का कहना है जल निगम के जेई से बात हुई है। टैंकर से पानी आपूर्ति कराकर हालात संभालने की कोशिश की जा रही है। बोर में पाइप बढ़ाया जा रहा है।
कुओं की भी साफ-सफाई की जा रही है। ओबरा में बिल्ली-मारकुंडी ग्राम पंचायत के भलुआ टोला मोड़ पर खाली बाल्टी-डब्बा लेकर ग्रामीण सड़क पर उतरे। नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। मुस्तफा रजा सिद्दीकी, बीडीसी राजा, कृष्णा जायसवाल, नीलू, संजय आदि का कहना था कि कई बार गुहार लगाई गई लेकिन पानी संकट पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
एसओ अरविंद यादव ने ग्रामीणों को समझाया-बुझाया और प्रधान से वार्ता कराकर टैंकर से आपूर्ति शुरू कराई, तब ग्रामीण शांत हुए। बता दें कि ओबरा में चार दशक से भी अधिक समय से पानी संकट अभिशाप बना हुआ है। इस मौके पर आनंद पटेल दयालु, महताब आलम आदि मौजूद रहे।