सोनभद्र। यूपी सरकार ने लॉकडाउन के दौरान ही सरकारी कार्यालयों को खोलने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन कोविड 19 को लेकर सतर्कता लगातार बरती जा रही है। विकास भवन में इसका असर मंगलवार को देखने को मिला। यहां बगैर थर्मल स्क्रीनिंग के किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। एक कर्मचारी को इसके लिए लगाया गया है जो हर आने-जाने वालों की स्क्रीनिंग कर रहा है। हालांकि कोई ऐसा नहीं मिला जिसका तापमान निर्धारित मानक 98.4 फारेनहाइट से ज्यादा नहीं मिला।
कोविड 19 को लेकर पूरे देश में द्वितीय चरण का लॉक डाउन चल रहा है। इस दौरान लोगों को घरों से अति आवश्यक कार्यों से ही बाहर निकलने की अनुमति दी जा रही है। बेवजह घूमने वालों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। लॉक डाउन के दूसरे चरण में सोमवार से सरकारी दफ्तरों को खोलने की अनुमति राज्य सरकार ने दी है। हालांकि यह अनुमति सिर्फ अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए ही है। आम लोगों के लविए सरकारी दफ्तरों में प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया है। सिर्फ सरकारी दफ्तरों से जुड़े कामकाज ही निबटाने के लिए कार्यालय खोले गए हैं। इसमें भी सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। मंगलवार को विकास भवन में कोरोना वायरस से सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती गई।
विकास भवन में प्रवेश करने से पहले अधिकारियों-कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। यहां जिन लोगों की भी स्क्रीनिंग की जा रही है, उनका नाम, पदनाम बकायदे रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है और उनके शरीर के टेंपरेचर का भी अंकन रजिस्टर में किया जा रहा है। हालांकि जितने भी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई, सभी का टेंपरेचर निर्धारित मानक से कम मिला।